पुस्तकालय में लगाई गईं हैं 150 नई कुर्सियां
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने केंद्रीय पुस्तकालय को 24 घंटे खुला रखने का फैसला किया है। अब इसे एक मंजिल से बढ़ाकर दो मंजिलों तक कर दिया है। इस फैसले से पुस्तकालय की बैठने की क्षमता लगभग दोगुनी हो गई है और अब एक समय में करीब 800 विद्यार्थी यहां अध्ययन कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत पुस्तकालय के दो फ्लोर अब चौबीसों घंटे खुले रहेंगे। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं, सेमेस्टर परीक्षाओं और शोध कार्य में लगे छात्रों को रात के समय भी पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थान मिल सकेगा। पहले केवल एक फ्लोर पर 24 घंटे की सुविधा होने के कारण सीटों की भारी कमी रहती थी और कई छात्रों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय में 150 नई कुर्सियां भी जोड़ी गई हैं। इससे न केवल बैठने की व्यवस्था बेहतर हुई है बल्कि भीड़भाड़ की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है। लंबे समय से छात्र संगठन और शोधार्थी लाइब्रेरी की क्षमता बढ़ाने और 24 घंटे की सुविधा को विस्तारित करने की मांग कर रहे थे।
एचपीयू का केंद्रीय पुस्तकालय प्रदेश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में से एक है जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी रोजाना अध्ययन के लिए पहुंचते हैं। परीक्षा सत्र के दौरान यहां सीटों की मांग काफी बढ़ जाती है जिससे कई बार छात्रों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ती थी। कुलपति महावीर सिंह ने बताया कि छात्रों की बढ़ती संख्या और उनकी जरूरतों को देखते हुए यह कदम उठाया है। आने वाले समय में पुस्तकालय की अन्य सुविधाओं को भी सुदृढ़ करने पर विचार किया जा रहा है ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके। नई व्यवस्था लागू होने के बाद छात्रों में उत्साह है और इसे परीक्षा तैयारी के लिए एक अहम पहल माना जा रहा है।