सितंबर के पहले हफ्ते में नगर निगम दफ्तर उपायुक्त दफ्तर परिसर में शिफ्ट हो जाएगा। नगर निगम ने दफ्तर शिफ्ट करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। निगम आयुक्त अमरजीत सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर सामान समेटने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को निगम अधिकारियों के एक दल ने मौका निरीक्षण भी किया। नए दफ्तर में एक-दो दिन की मरम्मत का काम शेष है। इसके साथ ही नगर निगम ने नए दफ्तर में बिजली मीटर लगाने के लिए आवेदन किया है।
मंगलवार को आयुक्त अमरजीत सिंह, सहायक आयुक्त नरेश ठाकुर, निगम अभियंता विजय गुप्ता, भवन एवं मार्ग शाखा के अधिशासी अभियंता एचके गुप्ता, संपदा शाखा से ओपी ठाकुर और हरपाल सहित कई अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त दफ्तर परिसर का निरीक्षण किया है।
सहायक आयुक्त के दफ्तर से शिफ्टिंग का काम शुरू होगा। इन दिनों उपायुक्त दफ्तर परिसर में बिल्डिंग में बिजली फिटिंग का काम चल रहा है। निगम को एसडीएम दफ्तर के कुछ कमरे भी दिए जा रहे हैं। उपायुक्त दफ्तर परिसर में अतिरिक्त स्थान मिलने से नगर निगम की समस्या कुछ कम हो गई है।
हालांकि उपायुक्त दफ्तर परिसर के अलावा भी निगम को दफ्तर शिफ्ट करने के लिए अतिरिक्त स्थान की जरूरत है। आयुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि मरम्मत पूरी होते ही शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा। संभावित है कि सितंबर पहले हफ्ते में दफ्तर शिफ्ट कर लिया जाएगा।
नहीं बन रही राय
नगर निगम की भवन एवं मार्ग शाखा, प्रोजेक्ट शाखा और लैब को शिफ्ट करने के लिए अभी कोई अंतिम राय नहीं बन सकी है। उपायुक्त दफ्तर परिसर में इन शाखाओं को शिफ्ट करने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है। इन शाखाओं को शिफ्ट करने के लिए नगर निगम अन्य विकल्प तलाश रहा है।
जीर्णोद्धार की आसान हुई राह
नगर निगम दफ्तर को शिफ्ट करने की कवायद शुरू होने के साथ ही टाउन हाल बिल्डिंग के जीर्णोद्धार की राह आसान हो गई है। पर्यटन विभाग ने एशियन डेवलेपमेंट बैंक की आर्थिक मदद से जीर्णोद्धार करना है। करीब दस करोड़ की राशि जीर्णोद्धार पर खर्च होनी है।