नशा तस्करी के आरोप में सेक्टर-16 निवासी युवक हरदीप की करनाल जेल में हुई
मौत का मामला रोहतक मेडिकल से आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 19 जगह चोट के
निशान मिलने के बाद गरमा गया है।
जेल में बंद युवक की मौत के मामले को
गंभीरता से लेते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने डीजीपी जेल, जेल
अधीक्षक करनाल, पुलिस अधीक्षक करनाल और सेक्रेटरी एडमिनिस्ट्रेशन एंड
जस्टिस को नोटिस जारी कर दिया है। यह नोटिस जस्टिस सबीना की कोर्ट ने जारी
किया है और सभी अधिकारियों को तीस सितंबर को जवाब दायर करने को कहा है।
वकील
के माध्यम से सेक्टर-16 वासी मृतक की मां कर्मजीत कौर ने कोर्ट में केस
लगाया है कि 15 जुलाई को उनके लड़के हरदीप सिंह को सीआईए स्टाफ के कर्मचारी
ले गए थे।
21 जुलाई को जब वह अपने लड़के से जेल में मिली। 24 जुलाई को वह
मिलने गई तो कर्मचारियों ने बताया कि हरदीप को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल
कॉलेज एवं अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जब वह वहां पहुंची तो उसकी मौत
होने की सूचना मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। उन्होंने तभी से आरोप
लगाया कि जेल कर्मचारियों और अधिकारियों ने पीट-पीटकर उसके लड़के हरदीप की
हत्या कर दी है।
रोहतक मेडिकल से पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी युवक के शरीर
पर 19 जगह चोट के निशान आए हैं। मृतक हरदीप की मां कर्मजीत कौर ने बताया कि
नोटिस जारी हुआ है और उनके वकील के माध्यम से उनको भी वह नोटिस कॉपी मिली
है।
मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मृतक की मां कर्मजीत कौर ने एसपी करनाल
अभिषेक गर्ग को शिकायत की है। इसमें आरोप लगाया है कि अस्पताल में हरदीप के
शरीर पर चोट के निशान थे। जिनको देखने पर ऐसा लग रहा था कि उसकी पीट-पीटकर
हत्या की गई है। जेल कर्मचारियों ने ही उसके लड़के हरदीप को पीट-पीटकर
मारा है। यदि हरदीप को किसी प्रकार बीमारी थी या कुछ अन्य परेशानी थी तो
उन्हें सूचना क्यों नहीं दी गई। तथ्यों को ध्यान में रखते हुए एसपी ने पूरे
मामले की जांच निष्पक्षता से करवाने के लिए सदर थाना पुलिस को सौंपी है।
जेल में युवक की मौत का मामला अफसरों तक जाने के बाद जेल प्रशासन के भी
पसीने छूट गए हैं।
शरीर के हर जगह पर चोट के निशान
मेडिकल रिपोर्ट के
मुताबिक जेल में बंद युवक हरदीप के शरीर पर हर जगह पर चोट के निशान हैं।
जख्म भी गहरे हैं। हरदीप के माथे, सिर, कान के नीचे, ठोड़ी, मुंह, कान के
पीछे, कंधे, छाती, दोनों हाथों की हथेली, दोनों घुटने, दोनों कोनी, हाथों
पर चोट लगी है। युवक को यह चोट कैसे लगी, किसने मारी सहित अनेक सवालों का
जवाब जेल अधिकारियों के पास नहीं है।