शिमला। पटवारी भर्ती के लिए प्रदेश सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को फीस में छूट नहीं देना सरासर गलत है। प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता जगजीत सिंह बग्गा ने कहा कि अधिसूचना में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी श्रेणी और सामान्य श्रेणी के लिए एक समान फीस तय की है। पहले इस तरह की भर्ती में आरक्षित श्रेणी को फीस में विशेष छूट दी जाती थी। यह निर्णय सरकार का आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का यह निर्णय दर्शाता है कि सरकार नियमों को ताक पर रखकर सिर्फ और सिर्फ पैसा इकट्ठा करने का काम कर रही है। प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा इसका विरोध करता है और सरकार से अपील करता है कि फीस संबंधित निर्णय को वापस लें ओर जो छूट आरक्षित श्रेणी को पहले दी जाती थी, उसे लागू करें। ब्यूरो