कोरोना केे चलते अस्पताल में बंद पड़ी थी साधारण बीमारियों की सर्जरी
अस्पताल में तीन ऑपरेशन थियेटर किए शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में साधारण (रूटीन) ऑपरेशन भी शुरू हो गए हैं। अस्पताल में ऑपरेशन के शुरू होने के बाद अब मरीजों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। ऑपरेशन को लेकर मिलने वाली लंबी तारीखों के झंझट से भी नहीं जूझना होगा।
कोरोना के समय आईजीएमसी में गॉल ब्लेडर, पथरी और हर्निया के ऑपरेशन बंद हो गए थे। इन ऑपरेशन को चिकित्सक कोरोना के मामले कम होने के बाद करने की सलाह मरीजों को दे रहे थे। अस्पताल में आपातकालीन स्थिति में कैंसर जैसी बीमारी के ऑपरेशन ही किए जा रहे थे। अब मामले कम होने के बाद इलेक्टिव सर्जरी को दोबारा शुरू कर दिया है। इसके चलते सर्जरी विभाग के दो ऑपरेशन थियेटर की जगह अब एक ओर बढ़ा दिया है। अस्पताल में अब औसतन बारह से पंद्रह के करीब ऑपरेशन किए जा रहे हैं। इसी तरह अन्य विभागों में इसी तरह की प्रक्रिया को अपनाया जा रहा है। गौरतलब है कि आईजीएमसी में प्रदेशभर से मरीज रेफर होकर आते हैं। ऐसे में साधारण आपरेशन शुरू होने के बाद मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
शुरू कर दिए रूटीन के
ऑपरेशन : डॉ. सिंह
आईजीएमसी के कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल रूटीन के ऑपरेशन शुरू कर दिए हैं। इससे अस्पताल में मरीजों को किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।