जिला हमीरपुर की पंचायत कश्मीर के दाड़ गांव में लोग पिछले एक सप्ताह से पेयजल के लिए तरस रहे हैं। नलों में पानी नहीं आ रहा है। लोगों ने बताया कि गर्मियों में अफसर और कर्मचारी कहते थे कि स्कीम में पानी नहीं है।
अब बारिश हो रही है फिर भी पानी नहीं आ रहा है। आरोप लगाया कि विभागीय कर्मी लापरवाही बरत रहे हैं। उच्चाधिकारियों को पेयजल समस्या से अवगत करवाया मगर कोई भी कार्रवाई नहीं हो रही है।
तेज सिंह, धर्मचंद, विमला देवी, सोनी कुमार, रविंद्र कुमार, शालीग्राम, गरीब दास, नीरज अटवाल, जोगिंद्र सिंह आदि का कहना है कि पानी की समस्या से वे परेशान हैं।
यदि समय रहते विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। कार्यालय का घेराव भी करेंगे। आईपीएच विभाग उपमंडल धनेटा के सहायक अभियंता किशोरी लाल ने कहा कि शीघ्र ही कर्मचारी भेज कर पानी की समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।