संदीप शाह चिट्टा तस्करी के मामले में पुलिस ने एक नाइजीरियन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से दबोचा है। सूत्रों के मुताबिक संदीप शाह दिल्ली में नशा तस्करी के अवैध कारोबार से जुड़े नाइजीरियन से नशा खरीदता था। इसके बाद पैडलरों के माध्यम से शिमला शहर तथा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचाता था। संदीप शाह की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने कई अहम खुलासे किए। इसी आधार पर पुलिस ने ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ जांच शुरू की। अब इस मामले में कार्रवाई करते हुए सैम्युल नाम के नाइजीरियन को गिरफ्तार किया है, जबकि कई और लोग पुलिस के निशाने पर हैं। पुलिस के मुताबिक आने वाले दिनों में कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस का दावा है कि संदीप शाह गिरोह कुछ सालों में ही करोड़ों की नशा तस्करी को अंजाम दे चुका है। नशे की अवैध तस्करी का यह नेटवर्क हजारों युवाओं की जिंदगी को बर्बाद कर चुका है।