हिमाचल के मंडी जोन में चार जिलों के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उप प्रधानों को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को पड्डल ग्राउंड में हुए भव्य समारोह में शपथ दिलाई। दूसरे चरण में मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और कुल्लू जिले के 1045 पंचायतों के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शपथ ली। मुख्यमंत्री ने सभी चुने हुए पंचायत प्रतिनिधियों को जीत पर बधाई दी।
समारोह में दोपहर 12.55 बजे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले चारों जिलों से आए नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों को शपथ दिलाई। इसके बाद उपप्रधानों ने शपथ ली। समारोह में मंडी जिले से 469, हमीरपुर 229, बिलासपुर 151 और कुल्लू जिले की 196 पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान शामिल हुए। 1045 पंचायतों के 2090 प्रतिनिधियों ने शपथ ली।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रजातंत्र में जनता का फैसला सर्वमान्य होता है। प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से पंचायत चुनाव संपन्न हुए। इसके लिए उन्होंने जनप्रतिनिधियों को बधाई दी। कहा कि पंचायत चुनाव में जनता ने कांग्रेस को समर्थन दिया है। विकास ही कांग्रेस सरकार का ध्येय है।
नशे की कुरीति का खात्मा और विकास को तवज्जो
पहली बार पंचायत चुनाव जीतकर पहुंचे युवाओं ने शपथ लेने के लिए खासा जोश दिखाया। इनमें कोई नशे की कुरीति के खात्मे तो कोई विकास के मुद्दे पर पंचायत चुनाव जीतकर आया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी युवा चेहरों का राजनीति में आने पर स्वागत किया। पडड्ल मैदान में चार जिलों के दो हजार से अधिक नवनिर्वाचित प्रधानों-उपप्रधानों ने शपथ ली।
युवा प्रतिनिधियों से बातचीत में ‘अमर उजाला’ ने उनकी प्राथमिकताएं जानीं। मंडी के द्रंग ब्लॉक की बरोट पंचायत से नवनिर्वाचित प्रधान रंजना देवी (24) ने स्टाफ नर्सिंग की है। वह पंचायत को नशामुक्त बनाने एवं स्वच्छता के मुद्दे पर चुनाव जीती हैं। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना और इस कुरीति का खात्मा लक्ष्य रहेगा। कुल्लू जिले के सदर ब्लॉक की वाशिंग पंचायत से चुनाव जीते विवेक सेन कला स्नातक हैं।
उन्होंने टूरिज्म में डिप्लोमा किया है। कहते हैं कि पंचायत में राफ्टिंग और पैराग्लाडिंग की अपार संभावनाएं हैं। इन्हें निखारना लक्ष्य रहेगा। बिलासपुर के झंडूता ब्लॉक की बड़गाव पंचायत से एमए बीएड नेहा चंदेल (31) युवाओं को खेल गतिविधियों के मंच देना चाहती हैं। नशे की कुरीति को दूर करना भी लक्ष्य है। पिछड़े वर्ग के लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ देना चाहती हैं।
शपथ के बाद कहा, जनता के लिए काम करेंगे
हमीरपुर ब्लॉक की शासन पंचायत से चुनाव जीतीं राखी (23) ने एमबीए की है। वह पंचायत में हर स्तर के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ देना चाहती हैं। मंडी के गोहर क्षेत्र की थरजूण पंचायत से कला स्नातक जमना कुमारी (22) ने पंचायत के हर गांव में स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य रखा है। कहा कि पंचायत में हर घर को सड़क से जोड़ना लक्ष्य है।
मंडी के सदर ब्लॉक की निचला मोड़ पंचायत प्रधान अनिता की भी हर घर को सड़क से जोड़ना प्राथमिकता है। सराज विस क्षेत्र के बूंग जहलगाड़ के प्रधान महेंद्र राणा पंचायत को आदर्श बनाना चाहते हैं। लोगों को सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाएं दिलाने को प्रयास करेंगे। कहा कि सरकार को पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय में बढ़ोतरी करनी चाहिए।