नए साल के जश्न के लिए कुल्लू-मनाली के होटल पूरी तरह से तैयार हो गए हैं। मनाली में क्रिसमस के बाद हजारों पर्यटक वाहन मनाली पहुंच रहे हैं। मणिकर्ण, अटल टनल रोहतांग, जिभी, जलोड़ी दर्रा, तीर्थन वैली भी सैलानियों से गुलजार होने लगी है। वहीं, मनाली, मणिकर्ण और बंजार में पार्किंग के अभाव और संकरी सड़कों में जाम लगना आम हो गया है।खासकर मनाली से अटल टनल रोहतांग के साथ हिडिंबा रोड के अलावा मणिकर्ण और कसोल में भी पर्यटकों के साथ आम लोगों को जाम से दो चार होना पड़ रहा है।
बुधवार को भी पार्वती घाटी सहित मनाली में शाम के समय जगह-जगह जाम लगा रहा। अटल टनल रोहतांग से लौटते वक्त पर्यटक वाहन पलचान से लेकर मनाली तक रेंगते हुए नजर आए। अटल टनल रोहतांग से मनाली के एक घंटे के सफर में वाहनों को दो से तीन घंटे का समय लगा। वहीं, भुंतर से मणिकर्ण के 35 किलोमीटर को सफर को तय करने में पर्यटकों को घंटों समय लग रहा है।
हालांकि मनाली में क्रिसमस से लेकर नए साल तक मनाली और मणिकर्ण में अतिरिक्त पुलिस जवानों को तैनात किया है। मगर लोगों द्वारा बेतरतीब तरीके से सड़क किनारे वाहनों को खड़ा करने जाम लग रहा है। इसको बहाल करने में पुलिस के भी पसीने छूट रहे हैं। एसएसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि यातायात को सुचारू रखने के लिए 100 से अधिक पुलिस और होमगार्ड के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।