हिमाचल विधानसभा बजट सत्र के बीच नए राज्यसभा सांसद के लिए नामांकन और मतदान होगा। कांग्रेस नेता विप्लव ठाकुर का राज्यसभा का छह साल का कार्यकाल अप्रैल में खत्म होगा। इसी बीच चुनाव आयोग ने हिमाचल की एक सीट समेत 17 राज्यों की 55 सीटों के लिए 26 मार्च को मतदान की तिथि घोषित की है।
वहीं, हिमाचल में भाजपा सरकार और संगठन में चल रही उठापटक के बीच पार्टी नेताओं के लिए राज्यसभा में ताजपोशी का भी नया रास्ता खुल गया है। राज्यसभा में भाजपा नेता शांता कुमार का कार्यकाल पूरा होने के बाद विप्लव ठाकुर को 10 अप्रैल, 2014 से लेकर 19 अप्रैल, 2020 तक राज्यसभा के लिए चुना गया। अब विप्लव का कार्यकाल पूरा होने से पहले ही नए राज्यसभा सदस्य का चुनाव किया जाएगा।
सत्ती समेत कई नेता हो सकते हैं दावेदार
राज्यसभा की खाली हो रही इस सीट के लिए हिमाचल प्रदेश से भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती समेत कई अन्य नेता दावेदार हो सकते हैं। यह भी संभव है कि इस सीट पर प्रदेश से बाहर के भाजपा के किसी राष्ट्रीय नेता को जगह दी जाए।