स्पेशल ओलंपिक भारत 2 से 7 फरवरी तक नेशनल विंटर गेम्स फ्लोरबॉल बिलासपुर में करवाएगा। इसमें 22 प्रदेशों के करीब 500 महिला-पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। शुभारंभ राज्यपाल आचार्य देवव्रत करेंगे। बिलासपुर में पत्रकार वार्ता में स्पेशल ओलंपिक भारत की उपाध्यक्ष डा. मल्लिका नड्डा ने कहा कि समापन पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा या फिर सांसद अनुराग ठाकुर मुख्यातिथि होंगे।
इसी दौरान मनाली में स्नो इवेंट करवाए जाएंगे। स्नो शोइंग, स्नो बोर्डिंग और अल्पाइन स्कीइंग प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसमें सात प्रदेशों के करीब 250 खिलाड़ी जुटेंगे। स्नो इवेंट की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यदि मनाली में बर्फ नहीं होती है तो इस इवेंट को मार्च में करवाया जाएगा। नेशनल विंटर गेम्स के साथ स्वास्थ्य जांच शिविर भी होगा। इसमें विशेष रूप से दंत चिकित्सक विशेष बच्चों का चेकअप करेंगे।
फ्लोरबॉल प्रतियोगिता में चेतना संस्था बिलासपुर की भागीदारी विशेष रूप से रहेगी। पत्रकार वार्ता में परीक्षित महदूदिया, रश्मिधर सूद और ओम प्रकाश गर्ग भी उपस्थित रहे। नड्डा ने बताया कि खेलों से चयनित प्रतिभागी वर्ल्ड विंटर गेम्स में भाग लेंगे। यह 14 से 25 मार्च, 2017 में आस्ट्रेलिया में होगी।
इसमें 110 देशों से करीब 3 हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। भारत से 114 खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रदेश ने शीतकालीन खेलों में अहम भूमिका निभाई है। वर्ष 2013 में दक्षिण कोरिया में हुई वर्ल्ड विंटर गेम्स में हिमाचल ने 22 मेडल जीते थे। प्रदेश से 16 प्रतिभागियों, जबकि भारत से 70 प्रतिभागियों ने भाग लेकर कुल 46 मेडल जीते थे।