14वां मतदाता दिवस शिमला के गेयटी थियेटर में 25 जनवरी को मनाया जाएगा। इसकी थीम ‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम’ रखा गई है। अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर गेयटी थियेटर में ईवीएम/वीवीपैट डेमनस्टेशन केंद्र बनाया जाएगा। चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा मतदान संबंधी जानकारी एलईडी के माध्यम से लोगों को प्रदान की जाएगी। इसके अलावा मतदाता सुविधा केंद्र भी स्थापित किया जाएगा।
इसमें नए और मौजूदा मतदाताओं को वोट बनाने और नवीनीकरण संबंधी सुविधा उपलब्ध रहेगी। कार्यक्रम के दौरान सर्वोत्तम चुनावी कार्यों के लिए राज्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इसके अलावा बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नए पंजीकृत मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह के दौरान एपिक कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिलेभर के सभी बूथ अधिकारी लोगों को जागरूक करें। इस अवसर पर एसडीएम शहरी भानु गुप्ता, एसडीएम ग्रामीण निशांत कुमार और तहसीलदार निर्वाचन राजेंद्र शर्मा मौजूद रहे।
नए मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण हो सुनिश्चित
आगामी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करें। स्वीप गतिविधियों के संदर्भ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा ने अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने 20 से 29 वर्ष के पात्र छूटे मतदाताओं की पंजीकरण दर को भी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने 18 वर्ष से अधिक आयु के दिव्यांग मतदाताओं का विभागीय डाटा मतदाता सूची से मिलाने के निर्देश दिए ताकि कोई भी दिव्यांग मतदाता सूची से बाहर न रहे। उन्होंने बताया कि चुनाव पाठशाला गतिविधियां हर माह के पहले शनिवार को और मतदान साक्षरता क्लब की गतिविधियां हर तीसरे शनिवार को प्रत्येक मतदान केंद्र और सभी शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित की जाएगी।