महिला हैंडबाल टीम क्वार्टर फाइनल में
उत्तराखंड में चल रही नेशनल गेम्स में प्रदेश की महिला हैंडबाल टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। रविवार को हुए अंतिम लीग मैच में हिमाचल ने राजस्थान को 42-14 गोल के अंतर से हराया।प्रदेश की टीम अपने पूल में तीनों मैच जीत कर टॉप पर रही। राजस्थान के साथ हुए मैच में प्रदेश की ओर से मेनिका पाल ने 6, गुलशन ने 4, जागृति ने 2, भावना शर्मा ने 8, शालिनी ठाकुर ने 5, मिताली शर्मा ने 4 गोल किए। क्वार्टर फाइनल मैच 11 फरवरी को होगा। प्रदेश हैंडबाल महिला टीम की एकतरफा जीत पर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर, महासचिव राजेश भंडारी, सह सचिव डीडी तनवर, कोच स्नेहलता, मनोज ठाकुर, मैनेजर परवीन दुबे, सुशील कुमार आदि ने खुशी व्यक्त की है। उन्होंने अगले मैचों के लिए शुभकामनाएं दीं। बता दें कि प्रदेश की महिला हैंडबाल टीम में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खेल रही हैं। पिछले नेशनल गेम्स में भी प्रदेश की टीम ने स्वर्ण पदक जीता था।
10,000 मीटर में सावन की सुनहरी दौड़, एशियाई चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई
नेशनल गेम्स में मंडी जिले में धावक सावन बारवाल ने मीट रिकाॅर्ड बनाते हुए 10,000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। 38वें नेशनल गेम्स में सावन बारवाल ने नया मीट रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 28:49.93 समय के साथ दौड़ पूरी कर गोल्ड मेडल जीता। इसके अलावा किरण मातरे ने रजत और विनोद सिंह ने कांस्य पदक जीता। अब वे 12 फरवरी को 5,000 मीटर दौड़ में दमखम दिखाएंगे। उम्मीद जताई जा रही कि इसमें भी वे हिमाचल के लिए पदक जीतेंगे। सावन ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के क्वालीफिकेशन मार्क 29:33.26 को आराम से पार कर लिया। एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 27 से 31 मई तक गुमी, रिपब्लिक ऑफ कोरिया में होगी।