रविवार सुबह नारकंडा में बर्फबारी का दौर शुरू हुआ।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में रविवार सुबह मौसम ने ऐसा रंग बदला कि सर्दियों की आहट एक बार फिर साफ महसूस होने लगी। शिमला जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नारकंडा से लेकर किन्नौर के ऊंचे पहाड़ों तक बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह से ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर हिमपात होता रहा। दूसरी ओर रामपुर बुशहर और आसपास के निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को ठंडा कर दिया। बादलों की आवाजाही और बारिश की बूंदों के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान गिरने से सर्दी का असर बढ़ गया है।
नारकंडा की पहाड़ियों पर बर्फबारी से बदला नजारा
रविवार सुबह नारकंडा में हिमपात शुरू होते ही पहाड़ों का नजारा बदलने लगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गिरती बर्फ ने पहाड़ियों को सफेद रंग में रंगना शुरू कर दिया। किन्नौर के ऊपरी इलाकों में भी सुबह से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के साथ ही क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है। पहाड़ों पर मौसम के इस बदलाव ने सर्दियों के आगमन का एहसास और गहरा कर दिया है। नारकंडा और किन्नौर जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात से पर्यटन की दृष्टि से भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है।