शिमला। नगर निगम महापौर और उपमहापौर की अध्यक्षता वाली समितियों के गठन के लिए भाजपा ने अपने पार्षदों के नाम तय कर दिए हैं। यह सभी समितियां एक साल के लिए गठित की जाएंगी। महापौर सुरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में शनिवार को टाउनहॉल में बैठक बुलाई जिसमें भाजपा और कांग्रेस पार्षदों ने हिस्सा लिया। महापौर ने भाजपा से इन समितियों के लिए पार्षदों के आवेदन मांगें। वित्त संविदा समिति में भाजपा से अब सरोज ठाकुर की जगह बिट्टू कुमार सदस्य होंगे। इसी तरह साधारण कृत्यकारक समिति में पार्षद कल्याण धीमान, सामाजिक न्याय समिति में कुसुम ठाकुर, टैक्स समिति में मीना चौहान सदस्य होंगे। भाजपा के बाद अब कांग्रेस को इन समितियों के लिए अपने पार्षद तय करने हैं। इस पर माथापच्ची चल रही है। 29 अगस्त को होने वाले नगर निगम सदन में समितियों के गठन को मंजूरी दी जाएगी। ब्यूरो