मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के प्रमुख पर्यटन स्थल सोलंगनाला में बर्फ के दीदार के लिए जाने वाले सैलानी घंटों तक वाहनों में फंस रहे हैं। बर्फबारी के बाद सड़क पर फिसलन होने के कारण छोटे वाहनों को पलचान से आगे नहीं जाने दिया जा रहा। इससे आगे सिर्फ फोर वाई फोर वाहनों में ही पर्यटक सोलंगनाला तक जा पा रहे हैं।
सोलंगनाला से आगे सभी प्रकार के वाहनों के लिए यातायात बंद है। छोटे वाहनों को पलचान में ही रोका जा रहा है। इससे यातायात बाधित हो रहा है। मंगलवार को पहचान से लेकर कुलंग तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। दिनभर वाहन सड़क पर रेंगते रहे।
बताया जा रहा है कि सोलंगनाला में पार्किंग से अभी तक बर्फ नहीं हटाई गई है। पहचान से आगे नाग मंदिर के आसपास छोटे वाहन बर्फ में फंस भी रहे हैं। पलचान से आगे बर्फ हटाने के बाद भी सड़क एक तरफा ही बहाल हो पाई है। ऐसे में वाहनों को पलचान से आगे नहीं छोड़ा जा रहा। वाहनों की पार्किंग के लिए कोई जगह नहीं होने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़े हो रहे हैं। मंगलवार को पलचान से लेकर कुलंग तक के दायरे में वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। इस कारण पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घंटों तक पर्यटक वाहनों में फंसे रहे। कई पर्यटक फोर बाई फोर वाहनों में सोलंगनाला पहुंचे तो कईयों ने पलचान और आसपास ही बर्फ के बीच आनंद लिया। यातायात बाधित होने से स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी खेम राज, राजकुमार ने बताया कि हर रोज यहां यातायात बाधित हो रहा है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। किसी के बीमार होने की स्थिति में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
बॉक्स के लिए-
हर रोज मनाली पहुंच रहे हजारों पर्यटक
बर्फबारी के बाद मनाली आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ग्रीन टैक्स बैरियर से जुटाए आंकड़ों के अनुसार हर रोज मनाली में एक हजार से अधिक बाहरी राज्य के वाहन पहुंच रहे हैं। दिल्ली से मनाली रूट पर चलने वाली सौ से अधिक लग्जरी बसों में भी पर्यटक यहां आ रहे हैं। इससे मनाली के पर्यटन कारोबार को चार चांद लग गए हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
एसडीएम मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सोलंगनाला में पार्किंग से बर्फ हटाने के लिए सीमा सड़क संगठन के साथ बात की जाएगी, ताकि सोलंगनाला में लगने वाले जाम से निजात मिल सके। डीएसपी मनाली हेम राज वर्मा ने बताया कि पार्किंग न होने और बर्फ में वाहनों के फंसने के कारण पलचान में ही वाहन रोके जा रहे हैं। पलचान से आगे सिर्फ फोर वाई फोर वाहनों में ही पर्यटक भेजे गए।