शिमला के कुपवी के शिवधार में फैली रहस्यमयी बीमारी की चपेट में दो और गांव भी हैं। शिवधार के साथ ही लगते मालत और हणोग गांव में भी बच्चे इस बीमारी से पीड़ित हैं। दोनों गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 45 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की।
इस दौरान चार बच्चों में इस बीमारी के लक्षण पाए गए हैं। इन्हें इलाज के लिए पीएचसी कुपवी भेजा गया है। इससे पहले दो बच्चों को इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बीमार बच्चों के खून, पेशाब के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं।
बीमारी के संक्रमण का कारण दूषित पेयजल बताया जा रहा है। रोहड़ू बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. चंद्रशेखर शिवधार में बच्चों की जांच कर रहे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुपवी से डॉ. श्रुति भी प्रभावित गांव में टीम के साथ सहयोग कर रही हैं।