50 से अधिक फैक्ट्री आउटलेट स्टॉल बने आकर्षण
रिज बना स्थानीय उत्पादों का ट्रेड सेंटर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में आयोजित हिम एमएसएमई फेस्ट-2026 के दौरान रिज मैदान स्थानीय उत्पादों के लिए सशक्त ट्रेड सेंटर के रूप में उभरा। महोत्सव के तीन दिनों में यहां 30 लाख रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। यह प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के प्रति उपभोक्ताओं के भरोसे को दर्शाता है।
इस आयोजन में 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए। इनमें पहली बार फैक्ट्री आउटलेट स्टॉल्स को विशेष रूप से शामिल किया गया। इन स्टॉल्स पर उपभोक्ताओं को नामी और भरोसेमंद ब्रांड्स के उत्पाद सीधे फैक्ट्री दरों पर, बाजार मूल्य से कम कीमत पर उपलब्ध कराए गए। महोत्सव में हैंडलूम, लेदर उत्पाद, खाद्य सामग्री, वुड प्रोडक्ट्स सहित विभिन्न श्रेणियों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉल्स पर देश-विदेश से आए पर्यटकों ने जमकर खरीदारी की।
लोकल से ग्लोबल की अवधारणा को साकार करते हुए इस आयोजन ने स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादकों को सीधा उपभोक्ता संपर्क उपलब्ध कराया। इस अवसर पर उद्योग विभाग के निदेशक डॉ. यूनुस ने आयोजन से जुड़े सभी उद्यमियों, सहभागियों और अधिकारियों को हिम एमएसएमई फेस्ट–2026 की शानदार सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल स्थानीय उत्पादों को सशक्त बाजार मिलता है, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति, रोजगार सृजन और उद्यमिता विकास को भी नई दिशा मिलती है।