धर्मशाला में प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय विवि के प्रश्न पर शांता कुमार ने कहा कि मेरे लिए धर्मशाला और देहरा दोनों बराबर हैं।
- फोटो : अमर उजाला
चुनाव के दौरान चंबा में सीमेंट फैक्टरी लगाने का वायदा करने वाले सांसद शांता कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार इसके प्रति गंभीर नहीं है। प्रदेश सरकार अगर पहल करती है तो सीमेंट फैक्टरी लगाने के लिए केंद्र इसकी तुरंत स्वीकृति देगा।
धर्मशाला में प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय विवि के प्रश्न पर शांता कुमार ने कहा कि मैं शुरू से ही सीयू के भवन को जल्द बनाने के पक्ष में रहा हूं। इसमें बहुत देरी हो गई, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरे लिए धर्मशाला और देहरा दोनों बराबर हैं।
जहां पूरी जमीन मिलती है, वहां जल्द केंद्रीय विश्वविद्यालय बना देना चाहिए। शांता ने भारतीय राजनीति को अपरिपक्व करार दिया। कहा कि आज विरोध के लिए विरोध हो रहा है। कांग्रेस अच्छी योजनाओं का भी विरोध कर रही है। यह नहीं होना चाहिए।
जीएसटी विधेयक को सभी राज्य पास होते देखना चाहते हैं लेकिन विपक्ष केवल विरोध के लिए इसका विरोध कर रहा है। धर्मशाला के नड्डी में डलझील की दुर्दशा पर उन्होंने कहा कि इसे संवारने के लिए वह अपनी सांसद निधि से पैसा देंगे। धर्मशाला को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिलने को लेकर श्रेय की राजनीति नहीं होनी चाहिए।