हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) ने यूरोपियन पर्यटन विश्वविद्यालय इटली के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। यह करार वीरवार को तकनीकी शिक्षा में गुणवत्ता और सुधार कार्यक्रम के तहत आयोजित एक दिवसीय संगोष्ठी के दौरान हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विवि के उपकुलपति एसपी बंसल और यूरोपियन पर्यटन विश्वविद्यालय की अध्यक्ष एवं सह संस्थापक डॉ. एमब्रोशियो मैरीना ने दीप प्रज्वलित कर किया। संगोष्ठी में डॉ. एमब्रोशियो मैरीना ने पर्यटन व्यवसाय में तकनीकी विकास के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रो. एसपी बंसल ने कहा कि इस करार से दोनों संस्थान शिक्षा, शोध और पर्यटन क्षेत्र में पारस्परिक ज्ञान का आदान-प्रदान कर सकेंगे। इस करार से दोनों विश्वविद्यालयों के छात्र संयुक्त उपाधि कार्यक्रम और प्रशिक्षण कार्यक्रम, शोधार्थ आदान-प्रदान व संगोष्ठियों में सहभागी बन सकेंगे।
इस दौरान किसी एक छात्र को निशुल्क शिक्षा भी दी जाएगी। जम्मू विश्वविद्यालय के प्रो. दीपक राज गुप्ता ने भी पर्यटन क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
पर्यावरण में बदलाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पर्यटन के साथ पर्यावरण को सुनियोजित करने की कोशिशों को भी गंभीरता से लेने की बात कही।
कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में तकनीकी गुणवत्ता, तकनीकी सुधार और तकनीकी शोध का महत्व पर्यटन क्षेत्र को और मजबूत बनाएगा। अधिष्ठाता योजना व विकास व छात्र कल्याण प्रो. विनय चौहान, रजनीश मल्होत्रा, विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विक्रम महाजन समेत अन्य मौजूद रहे।