फाइनल में हरियाणा के पुष्पेंद्र को हराया
महिला पहलवान सोनिया ने सहारनपुर के पिंटू को हराया
शिमला केसरी का खिताब जीता आकाश ने
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। तलाई छिंज मेले में तीन सौ से अधिक पहलवानों ने दमखम दिखाया। स्थानीय काली माता देशू की पूजा अर्चना के बाद करीब 11 बजे छिंज शुरू हुई।
छिंज मेले में दिल्ली के जाने-माने पहलवान मोनू देइया ने फाइनल में हरियाणा के पुष्पेंद्र को हराकर 1.51 लाख रुपये की बड़ी माली अपने नाम की। इसी तरह शिमला केसरी का खिताब चियोग देहना के आकाश ने चियोग के ही शुभम को पराजित कर 25 हजार का पुरस्कार अपने नाम किया। शुभम ने घायल होने पर यह खिताब आकाश के लिए छोड़ दिया। यह माली 21 वर्ष से कम आयु वर्ग के जूनियर पहलवानों के लिए रखी थी। इसे देहना के हीरा सिंह जागटा द्वारा प्रायोजित किया था। ईरान और नेपाल के पहलवानों ने भी दंगल में खूब रंग जमाया। दंगल में हरियाणा की महिला पहलवान सोनिया सबसे आकर्षण का केंद्र रहीं। महिला पहलवान सोनिया ने सहारनपुर के पहलवान पिंटू को पटखनी देखकर वाहवाही लुटी। मेले में अपने जमाने के प्रसिद्ध पहलवान एवं समाजसेवी नाहर सिंह चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्थानीय पंचायत एवं मेला समिति के प्रधान दिनेश जागटा ने बताया कि मेले के सौ वर्ष पूरा होने पर इस वर्ष यह मेला शताब्दी छिंज मेले के रूप में मनाया गया। छींज मेले के आयोजन में करीब दस लाख रुपये का खर्च आता है।