हिमाचल में बारिश का कहर नहीं थम रहा। चंबा में ड्यूटी पर जा रहीं लोनिवि की दो महिलाएं भूस्खलन की चपेट में आ गईं। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी गंभीर घायल है। सिरमौर जिले के संगड़ाह में मकान पर चट्टान गिरने से मां-बेटी घायल हो गई हैं। मंडी जिले के चौहारघाटी के गढ़ गांव में फुटब्रिज गिर गया। इसे पार करते समय दो युवतियां उफनते नाले में गिर गईं।
घायल हालत में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें छुट्टी दे दी गई है। पुल टूटने से गढ़ गांव के लगभग 25 परिवारों का संपर्क टूट गया है। बरसात की वजह से लोनिवि ने छुट्टियां रद्द कर दी हैं लिहाजा, रविवार को चंबा निवासी बालो देवी पत्नी मीर सिंह और नेत्रो देवी पत्नी चेत राम घर से ड्यूटी के लिए निकली थीं।
रास्ते में दोनों ल्हासे की चपेट में आ गईं। नेत्रो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बालो अस्पताल में दाखिल है। दोनों महिलाओं में से एक ने 1998 में सतरूंडी में हुए आतंकी हमले में अपना पति और दूसरी ने बेटा खोया था। इसके बाद दोनों महिलाओं को सरकार की ओर से लोनिवि में रोजगार प्रदान किया गया था।
कांगड़ा की छौंछ खड्ड में धुस्सी बांध टूटने के बाद आई बाढ़ से प्रभावित हुए कंदरोड़ी गांव में पिछले 48 घंटों से लोगों को बिजली और पानी की सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। मूसलाधार बारिश से हिमाचल में डेढ़ सौ के करीब सड़कें ठप हैं। इनमें चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग भी शामिल है। चंबा व चुराह उपमंडल में कुल 35 सड़कें बंद हैं। सांगला-छितकुल सामरिक मार्ग यातायात के लिए ठप हो गया है। खड़ामुख में डंगा धंसने के बाद यह मार्ग बाधित हो गया था।
कांगड़ा घाटी के तलाड़ा-नूरपुर रेलवे स्टेशन के बीच करीब 36 मीटर रेल ट्रैक ध्वस्त हो गया है। इस कारण रविवार को भी पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलवे लाइन पर एक भी रेलगाड़ी नहीं चल सकी। सोलन रेलवे स्टेशन के समीप क्लीन में ट्रैक पर मलबा गिरने से रेल मार्ग पर यातायात करीब एक घंटे प्रभावित रहा। इससे शिमला जाने वाली ट्रेन 52457 को बड़ोग रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा।
कांगड़ा में भारी बारिश से एक मकान और गौशाला गिर गई। भोरंज के तरक्वाड़ी में मकान का एक हिस्सा गिर गया है। ब्यास नदी के अलावा सरवार खड्ड, पार्वती, सैंज, तीर्थन नदियां उफान पर होने से खड्ड के किनारे झुग्गी-झोंपड़ी में रहने वालों को हटा दिया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल में 13 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रविवार को शिमला 14, सुंदरनगर में 44.4, भुंतर में 15.2, हमीरपुर में 75, कांगड़ा में 77, धर्मशाला में 46.2 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।