प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं। कहा कि मुझे लगता है कि मोदी ने दिल्ली का संसद भवन भी नहीं देखा होगा। देश और प्रदेश में मोदी की कोई लहर नहीं है। मोदी पीएम इन वेटिंग ही रहेंगे।
बुधवार को प्रतिभा सिंह ने नाचन के नांडी, छपराहण, स्यांज, गोहर, बासा, घन्याडी, चच्योट और नौण में कार्यकर्ताओं तथा लोगों के साथ बैठकें की और वोट मांगे। प्रतिभा ने घन्याड़ी में बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नाचन में सब्जी मंडी चैलचौक, डिग्री कॉलेज बासा, लोनिवि का डिवीजन कार्यालय, चच्योट आईटीआई समेत सड़कें, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भारी विकास किया है।
कहा कि नाचन में भाजपा एक स्कूल भी नहीं खोल पाई है। देश में कांग्रेस के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी। प्रतिभा ने कहा कि हिमाचल के लोगों को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल झूठ बोलकर गुमराह कर रहे हैं। कहा कि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में हिमाचल चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर है।
इस मौके पर एससीएसटी विकास निगम के चेयरमैन टेक चंद डोगरा, औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अतुल शर्मा, मंडल अध्यक्ष टेक सिंह राघव और युकां नेता संजू डोगरा समेत अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।