शिमला। लोअर बाजार में दमकल विभाग को गुजरने में रविवार को आठ मिनट का समय लगा। इस दौरान अग्निशमन विभाग के साथ नगर निगम और पुलिस विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देश पर हर रोज लोअर बाजार में दमकल वाहन को गुजारने का पूर्वाभ्यास किया जाता है। इसका मकसद आपात परिस्थितियों में अग्निशमन के वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने के लिए तैयार रखना है। रविवार दोपहर 1:20 बजे अग्निशमन वाहन डीसी ऑफिस की ओर से लोअर बाजार के लिए निकला। इस दौरान सड़कों पर अतिक्रमण के कारण बीच-बीच में वाहन को गुजरने में आंशिक रूप से दिक्कतें पेश आईं लेकिन 1:28 बजे वाहन शेरे पंजाब पहुंच गया। रविवार को लोअर बाजार में संडे मार्केट लगने के कारण सड़क से दमकल वाहन को गुजरने में दिक्कत पेश आती है। हालांकि नगर निगम और प्रशासन की टीम सड़क पर सामान सजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी करती है। ब्यूरो