कुल्लू के बंजार के गड़सा में जनमंच की अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने की। लोगों ने 151 मांगें और शिकायतें प्रस्तुत कीं। 105 का मौके पर समाधान किया गया। अनिल शर्मा ने बालिका सुरक्षा योजना में 36 लड़कियों तथा बेटी है अनमोल योजना के तहत नौ लड़कियों को एफडी सौंपी। स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने चंबा जिले के डलहौजी के सलूणी में अध्यक्षता की।
उन्होंने महिला लाभार्थियों के लिए 170 एलपीजी कनेक्शन वितरित किए। लड़कियों के लिए 147 एफडी और लाभार्थियों को विभिन्न प्रमाणपत्र बांटे गए। इस दौरान 362 शिकायतें मिलीं। कांगड़ा के जयसिंहपुर के जालग में जनमंच की अध्यक्षता पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने की। कुल 215 मामले प्रेषित हुए, जिनमें से 80 का मौके पर निपटारा किया गया।
परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने मंडी जिले के सुंदरनगर के निहरी में जनमंच की अध्यक्षता की। उन्हें 218 शिकायतें मिलीं। बिलासपुर जिले के घुमारवीं के करलोटी में सामाजिक न्याय मंत्री डा. राजीव सैजल ने जनमंच की अध्यक्षता की। शिमला के चौपाल के नेरवा में मुख्य सचेतक एवं संयोजक जनमंच नरेंद्र बरागटा ने की। यहां जनमंच में 440 आवेदन और मांगें प्राप्त हुईं। इनमें से 134 का मौके पर निपटारा हुआ।
मरीजों की मौके पर अपोलो अस्पताल के विशेषज्ञों से करवाई बात
शिमला। सिरमौर जिला के शिलाई निर्वाचन क्षेत्र के कमरऊ में जनमंच के दौरान उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने टेलीमेडिसन सुविधा के माध्यम से रोगियों की सीधी बात अपोलो अस्पताल दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों से करवाई। उनसे विभिन्न बीमारियों के निदान बारे में विस्तार से परामर्श लिया। उन्होंने मौके पर ही विभिन्न विभागों से संबंधित 73 मामलों को मंत्री ने 10 दिनों के भीतर निपटाने के निर्देश दिए।