प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 18 अक्तूबर को हिमाचल में प्रस्तावित रैली को लेकर मौसम विभाग भी सतर्क हो गया है। मौसम निदेशालय ने दिल्ली, चंडीगढ़, लुधियाना और शिमला स्थित कार्यालयों से मौसम को लेकर अपडेट मांगा है।
18 अक्तूबर को सुबह 10 बजे हिमाचल के जिला मंडी के पड्डल मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली होनी है। इसी दिन पंजाब के लुधियाना का भी प्रधानमंत्री ने दौरा करना है।
दिल्ली से लेकर मंडी तक 18 अक्तूबर को मौसम कैसा रहेगा। प्रधानमंत्री की यात्रा में मौसम का विघ्न न पड़े, इसको लेकर मौसम निदेशालय जानकारियां जुटाने में जुट गया है।
मौसम की ताजा जानकारी 13 अक्तूबर तक प्रधानमंत्री कार्यालय में सौंपी जानी है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 18 अक्तूबर को मंडी में मौसम साफ रहेगा। क्षेत्र में बारिश होने की संभावना नहीं है।
पीएम के दौरे को लेकर खुफिया एजेंसियां अलर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 18 अक्तूबर को प्रस्तावित मंडी दौरे को लेकर सरकार और प्रशासन हरकत में आ गए हैं। दौरे की पुष्टि होने के साथ ही खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सामान्य तौर पर हिमाचल को शांतिपूर्ण प्रदेश माना जाता है, लेकिन हाल ही में प्रदेश से सटे पठानकोट में आतंकी हमला और राज्य में संदिग्ध दिखने की बात सामने आ चुकी है।
सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से जम्मू-कश्मीर से सटे हिमाचल में भी हाई अलर्ट रहा है। इन्हीं कारणों से प्रधानमंत्री के दौरे पर सुरक्षा को लेकर एजेंसियां कोताही नहीं बरतना चाहतीं। प्रदेश की सीआईडी और आईबी की विशेष टीमों ने अभी से पूरे मंडी जिले और इससे सटे इलाकों में नेटवर्क तैयार कर इनपुट लेना शुरू कर दिया है।
आर्मी और दूसरे राज्यों से भी विशेष सुरक्षा बल मंगाने को लेकर कवायद शुरू हो गई है। चूंकि, भाजपा पीएम की रैली में पचास हजार से ज्यादा की भीड़ का दावा कर रही है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों पर पहाड़ी राज्य में लोगों की सुविधा और पीएम की सुरक्षा के बीच सामंजस्य बैठाने की बड़ी जिम्मेदारी रहेगी।
मुख्य सचिव ने भी सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों को मंडी में अपनी निगरानी में जरूरी कार्य कराने को कहा है। सूत्रों का कहना है कि लखनऊ रैली के बाद ही प्रधानमंत्री की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप की एक टीम मंडी स्थिति प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सकती है। इसके बाद जरूरत के हिसाब से सुरक्षा व अन्य जरूरत के बदलाव और कार्य किए जाएंगे।