मुख्य अतिथि केदार कंवर ने पुरस्कृत किए बच्चे संवाद न्यूज एजेंसी जुन्गा (शिमला)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुफरी के प्रांगण में वीरवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
समारोह में कुफरी स्कूल कांप्लेक्स के तहत आने वाली राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला कुफरी सहित अन्य विद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में पंचायत बणी मखड़ोल के पूर्व उपप्रधान एवं समाजसेवी केदार कंवर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। केदार कंवर ने शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया। इसमें जमा दो कक्षा से मालविका, कनिष्का, दसवीं के दक्षांत शर्मा, लक्ष्य शर्मा को पुरस्कृत किया गया। प्राथमिक स्तर पर कक्षा पहली से समृद्धि, आरुष, कक्षा दूसरी से सिमरन और धर्या ठाकुर, कक्षा तीसरी से सोनाली, गिरीश कुमार, कक्षा चौथी से रजनी और पांचवीं से भुवनेश्वर और वंशिका को सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश खशिया ने वार्षिक रिपोर्ट पेश की। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।