शिमला। सांध्यकालीन महाविद्यालय शिमला ने बीए प्रथम वर्ष और बीकॉम प्रथम वर्ष की पहली मेरिट सूची जारी कर दी है। बीए प्रथम वर्ष की मेरिट में 140 और बीकॉम प्रथम वर्ष में 79 आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को शामिल किया है। विभागाध्यक्ष प्रो. मीनाक्षी एफ पॉल ने कहा कि मेरिट को विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। इसके अनुसार बीए और बी कॉम प्रथम वर्ष की काउंसलिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। बीए डिग्री के प्रथम वर्ष में इस बार प्रवेश की कट ऑफ बीते सत्र के मुकाबले अधिक रही है। इसमें सरकारी कर्मचारियों के लिए आरक्षित सीट के लिए 48.5 कट ऑफ रही है जबकि सामान्य वर्ग की 58.2, अनुसूचित जाति की 49.8, ओबीसी की 63.2, और एसटी 67.2 कट ऑफ रही है। बीकॉम की जारी की गई पहली मेरिट में 79 विद्यार्थियों को शामिल किया है। इनमें सामान्य श्रेणी की कट ऑफ 48.4, एसटी की 54, एससी की 58.2, ओबीसी की 63 फीसदी कट ऑफ रही है। इसके लिए भी 16 और 18 जुलाई को काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। विभागाध्यक्ष की ओर से विवि की वेबसाइट पर अपलोड की गई पहली प्रवेश मेरिट में काउंसलिंग को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं।