जुन्गा (शिमला)। जुन्गा में लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या स्थानीय लोगों के लिए चिंता बन गई है। इन कुत्तों के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और राहगीरों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। सिविल अस्पताल में लगातार कुत्तों के काटने के मामले पहुंच रहे हैं। यहां दिनभर स्कूली बच्चों की आवाजाही रहती है। इसके अलावा अन्य लोग भी सामान की खरीदारी के लिए बाजार पहुंचते हैं। लावारिस कुत्ते आए दिन इन पर हमले कर रहे हैं। सिविल अस्पताल जुन्गा के आसपास कुत्तों के झुंड घूम रहे हैं जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी हो रही है। सिविल अस्पताल जुन्गा के चिकित्सा प्रभारी डॉ. मनोज वर्मा ने बताया कि अस्पताल में डॉग बाइट के कई मामले आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुत्तों का टीकाकरण न होने से रेबीज का खतरा है। सड़कों पर कुत्तों के झुंड से वाहन दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। वर्मा ने स्थानीय प्रशासन को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। तहसीलदार जुन्गा कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पशुपालन विभाग और स्थानीय पंचायत के साथ मिलकर समस्या का समाधान किया जाएगा। लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवाद