लायंस क्लब शिमला ने मनाया स्थापना दिवस, 34 साल से समाजसेवा कर रहे सुभाष अग्रवाल सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। लायंस क्लब शिमला की ओर से भट्ठाकुफर स्थित एक निजी होटल में स्थापना समारोह मनाया गया। इस दौरान वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी भी गठित की गई। लायन ओपी मेहता को अध्यक्ष की कमान सौंपी गई। इसके अलावा डॉ. दिलीप शर्मा को सचिव और प्रो. केसी शर्मा को कोषाध्यक्ष पद के लिए चयनित किया गया। जोन चेयरपर्सन लायन गोपाल कृष्ण वैद्य ने समारोह की अध्यक्षता की।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन उमेश गर्ग ने नवनियुक्त अध्यक्ष ओपी मेहता सहित अन्य पदाधिकारियों को पदभार ग्रहण कराया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और ईश वंदना से हुई। इससे पहले क्लब के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स और नवनियुक्त पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। समारोह में क्लब के वरिष्ठ सदस्य लायन सुभाष अग्रवाल को 34 वर्षों से अधिक समय से समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिला कैबिनेट के पदाधिकारियों ने क्लब के वरिष्ठ सदस्यों को लायंस पिन देकर भी सम्मानित किया। इस अवसर प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इंजीनियर आरएन गुप्ता, द्वितीय वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अतुल शर्मा और उद्घाटन अधिकारी लायन रमन गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।