डिजिटल इंडिया के छह वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को आंजीमातला पंचायत के बसावल गांव के किसान मेहर दत्त से वर्चुअल संवाद किया। मोदी ने पूछा कि किस चीज की खेती करते हो। मेहर दत्त ने बताया कि वह टमाटर, शिमला मिर्च, अदरक व भिंडी की खेती करते हैं। डिजिटल माध्यम से वह खेतों से ही फसल को बेचते हैं। डिजिटल माध्यम से फसल को बेचकर वह खुश हैं और लोगों को भी जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांव में ग्रामीण ई-स्टोर खुला है।
कोरोना समय जब किसान बाजार नहीं जा सकता था, तब किसानों ने ई-स्टोर के माध्यम से कार्य किया है। यही नहीं, जरूरत का सामान भी डिजिटल माध्यम से खरीदा है जिससे किसानों को लाभ मिला है। मोदी ने कहा कि इंटरनेट कोमन सर्विस सेंटर से ग्रामीण ई-स्टोर से उचित दाम पर अच्छी किस्म की चीज मिलती है। संवाद के बाद मेहर दत्त ने बताया कि उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस प्रकार सीधी बात करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के हितों के लिए कई कल्याणकारी नीतियां बनाई हैं। इन नीतियों का लोगों को फायदा उठाना चाहिए।