बैठक में चर्चा के बाद ही नौ जनवरी को होने वाले मुख्यालय घेराव पर होगा फैसला : राजेंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। एचआरटीसी संयुक्त संघर्ष समिति का नौ जनवरी को मुख्यालय घेराव की चेतावनी के बाद प्रबंधन ने वीरवार को समिति के सदस्यों को वार्ता के लिए बुलाया है। प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में संयुक्त संघर्ष समिति के सदस्य अपनी समस्याओं और मांगों को रखेंगे। पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के संयुक्त सचिव राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि वीरवार दोपहर 12:00 बजे होने वाली बैठक के बाद ही नौ जनवरी को होने वाले निगम के मुख्यालय के घेराव को लेकर फैसला लिया जाएगा। समिति का आरोप है कि प्रदेश सरकार पेंशन जारी करने को लेकर भी बंदरबांट कर रही है। पहले महीने के अंत तक पेंशन जारी हो जाती थी लेकिन अब 65 साल से कम उम्र वाले पेंशनरों को बाद में और अधिक उम्र वाले पेंशनरों को पहले पेंशन जारी की जा रही है। इस तरह से पेंशनरों को भी सरकार ने उम्र के आधार पर दो भागों में बांट दिया है। इसके अलावा तीन फीसदी बढ़ाए गए डीए को निगम कर्मचारियों के समान पेंशनरों को भी जल्द जारी करने और संयुक्त संघर्ष समिति के 14 फरवरी को दिए गए मांगपत्र में दर्शाई गई मांगों पर को भी पूरा करने का मुद्दा बैठक में उठाया जाएगा। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने बताया कि संयुक्त संघर्ष समिति को बैठक के लिए बुलाया गया है। इसमें उनकी मांगों और समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।