सुन्नी में वितरित किए अश्वगंधा के पौधे
बोले, औषधीय पौधों से सुदृढ़ होगी लोगों की आर्थिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला (सुन्नी)। राष्ट्रीय अश्वगंधा अभियान के तहत सुन्नी में आयुष विभाग की ओर से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने अश्वगंधा का पौधा रोपकर स्थानीय जन प्रतिनिधियों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अश्वगंधा के पौधे वितरित किए। कहा कि प्रदेश सरकार आयुष और वन विभाग के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य के मद्देनजर पूरे प्रदेश में जंगलों में खाली और निजी भूमि पर औषधीय पौधे रोप रही है। उन्होंने कहा कि जहां अश्वगंधा के पौधों के लिए जलवायु अनुकूल है उन क्षेत्रों में अश्वगंधा के पौधे रोपे जा रहे हैं। इसके अलावा हरड़, बेहड़ा और आंवला सहित अन्य औषधीय पौधे भी जलवायु अनुकूल वातावरण वाले क्षेत्रों में रोपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के पौधरोपण कार्यक्रम में 2000 औषधीय गुणयुक्त पौधे वितरित किए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि पौधे रोपने के बाद उनकी देखभाल करना भी सुनिश्चित करें ताकि भविष्य में जब औषधीय गुणों से भरपूर यह पौधे बड़े होंगे तो इससे लोगों की आर्थिकी स्थिति सुदृढ़ होगी। इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. पवन जैरथ, नोडल अधिकारी डॉ. घनश्याम चौहान, डॉ. रुचिका, डॉ. उमा शंकर, डॉ. मनीष सहित नगर पंचायत सुन्नी के प्रधान प्रदीप शर्मा मौजूद रहे।