राज्य के मुख्य संसदीय सचिव एवं जिला हमीरपुर के बड्सर विधानसभा क्षेत्र से विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और उनके दो भाईयों को नगर निगम ने शुक्रवार को कारण बताओ नोटिस जारी किए।
मुख्य संसदीय सचिव और दो भाईयों पर राजधानी से सटे तारादेवी में बिना नक्शा पास करवाए मकान बनाने का आरोप है। नगर निगम की वास्तुकार एवं योजनाकार शाखा ने तारादेवी में जारी निर्माण कार्य को भी रुकवा दिया है।
निगम प्रशासन से सीपीएस लखनपाल को जल्द से जल्द से नक्शा जमा करवाने के आदेश दिए हैं। सीपीएस ऐसा नहीं करते हैं तो इनके खिलाफ निगम आयुक्त के कोर्ट में मामला दर्ज किया जाएगा। तारादेवी में गोयल मोटर के साथ इंद्र दत्त लखनपाल का पुश्तैनी मकान है।
माइनर कंस्ट्रक्शन की थी मंजूरी: चौहान
नगर निगम के वास्तुक योजनाकार केएस चौहान ने कहा कि मुख्य संसदीय सचिव इंद्र दत्त लखनपाल और उनके दो भाइयों को नगर निगम ने माइनर कंस्ट्रक्शन की अनुमति दी थी लेकिन मौके पर मेजर कंस्ट्रक्शन की गई है।
मौके का दौराकर भवन निर्माण कार्य रुकवा दिया है। भवन का नक्शा निगम में जमा करवाने के लिए कहा है। नक्शा जमा नहीं करवाया तो आयुक्त कोर्ट में मामला चलाया जाएगा। सीपीएस की ओर से अनुमति मांगी थी। सेक्शन आठ के तहत माइनर कंस्ट्रक्शन की अनुमति दी थी।