शिमला। राजधानी में 25 दिसंबर से शुरू होने जा रहे विंटर कार्निवल में नगर निगम के पार्षद भी सहयोग देंगे। महापौर सुरेंद्र चौहान ने शनिवार को सभी पार्टियों के पार्षदों की टाउनहॉल में बैठक ली। इस दौरान विंटर कार्निवल के आयोजन को सफल बनाने के कई समितियों का भी गठन किया गया है। मंच संचालन, स्वागत, रिज मैदान पर लगने वाले स्टॉल की निगरानी, झांसी पार्क और गेयटी में होने वाले कार्यक्रमों आदि के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। हर समिति में पार्षदों को भी सदस्य बनाया है। पार्षदों के पहचान पत्र भी बनाए हैं। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि 25 से 31 दिसंबर तक रोजाना सुबह 10 बजे टाउनहॉल में पार्षदों की बैठकें होंगी जिनमें पूरे दिन के कार्यक्रम को लेकर रूपरेखा तैयार की जाएगी। कहा कि व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये सभी सदस्यों को जानकारी दी जाएगी। ब्यूरो