बैडमिंटन और जूनियर टेबल टेनिस में फ्रेंच हाउस जीता संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के ऑकलैंड हाउस स्कूल शिमला के सीनियर सेक्शन में वीरवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मैथ्यू हाउस ने पूरे खेल सत्र के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स शील्ड और प्रोफिशिएंसी कप दोनों अपने नाम किए।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार मैथ्यू हाउस ने 103 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता लेफ्रॉय हाउस 83 अंकों के साथ दूसरे और ड्यूरेंट हाउस 69 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इंटर-हाउस प्रतियोगिताओं में मैथ्यू हाउस ने सीनियर और जूनियर बास्केटबाल, दोनों वर्गों की स्पर्धाएं जीतीं। इसके अलावा वॉलीबाल कप भी अपने नाम किया। फ्रेंच हाउस ने बैडमिंटन और जूनियर टेबल टेनिस में शानदार जीत दर्ज की। कार्यक्रम में विद्यालय की पूर्व छात्रा और हिमाचल प्रदेश पुलिस में उपपुलिस अधीक्षक गीतांजलि ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। गीतांजलि ठाकुर ने अपने विद्यालय के दिनों को याद किया और विद्यार्थियों को अनुशासन, दृढ़ता और खेल भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। स्पोर्ट्स डे में मार्च पास्ट, पीटी डिस्प्ले, जिम्नास्टिक, योग और कराटे जैसी प्रस्तुतियां दी गईं। रियाना नेगी को ग्रुप ए की बेस्ट जिम्नास्ट घोषित किया गया। अंकुर चौहान मेमोरियल ट्रॉफी अलवीना हरीश और आराधना ठाकुर को संयुक्त रूप से प्रदान की गई।