फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल के सोलन में अग्निकांड: पांच भवन, 8 दुकानें जलीं, एक का शव, 2 के अवशेष मिले, सात के जिंदा जलने की आशंका

Mon, 12 Jan 2026 09:23 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, अर्की (सोलन)

सार

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में भीषण आग लग गई। अर्की बाजार में देर रात लगी आग ने नेपाली मूल के एक परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुखद घटना में सात साल के एक बच्चे का शव बरामद किया गया है, दो लोगों के जले हुए अवशेष मिले हैं, जिनकी पहचान नहीं हो पाई है। सात लोग अभी तक लापता हैं।
विज्ञापन
अर्की बाजार में भीषण अग्निकांड - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगर पंचायत अर्की के वार्ड नंबर-06 में रविवार देर रात भीषण अग्निकांड में पांच भवन और आठ दुकानें जलकर राख हो गए। अग्निकांड में 10 लोगों के जिंदा जलने की आशंका है। 10 वर्षीय एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। दो लोगों के जले हुए अवशेष मिले हैं, जिनकी पहचान नहीं हो पाई है। सात लोग अभी तक लापता हैं। नौ लोग नेपाल और एक बच्चा बिहार का है। इनमें दो दंपती और उनके पांच बच्चे शामिल हैं।
विज्ञापन
Trending Videos

एनडीआरएफ, प्रशासन की टीमें जेसीबी लगातार मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। सबसे पहले पांच मंजिला भवन में ऊपरी मंजिल में आग लगी और फिर साथ लगते पांच भवन आग की चपेट में आ गए। इसमें आठ दुकानें भी जलकर राख हो गईं। इनमें दो कपड़े, एक मन्यारी, एक घड़ी, दो जूते की दुकानें, एक बैग दुकान और एक टेलर की दुकान शामिल हैं। यूको बैंक की ब्रांच तक भी लपटें पहुंची मगर उसे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलने पर सुबह करीब 4:30 बजे अग्निशमन विभाग की चार टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने में करीब नौ घंटे लगे। दोपहर करीब 1:30 बजे आग पर काबू पाया गया।

जानकारी के अनुसार आग की घटना रविवार देररात 3:00 बजे हुई। आशंका जताई जा रही है कि इसमें भवन की तीसरी मंजिल में नेपाली मूल का परिवार रहता था। उन्होंने रात को अंगीठी जलाकर अंदर रख दी। भवन लकड़ी का था और देररात अंगीठी से सुलगी आग उसमें लग गई। आग लगने का लोगों को उस समय पता चला जब एक के बाद एक सिलिंडर फटने लगे। लगातार नौ धमाके हुए। आग एक भवन से दूसरे भवन में भड़की।




 

एक भवन की तीसरी मंजिल में कपड़े की एक दुकान में सोया हुआ बिहारी मूल का एक 10 वर्षीय बच्चा भी इसकी चपेट में आ गया। सुबह करीब 6:15 बजे उसे निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी, फायर स्टेशन अर्की के अलावा फायर ब्रिगेड बनलगी, बालूगंज (शिमला) और अंबुजा के अग्निशमन वाहन और आसपास के लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस दौरान दो लोगों के बुरी तरह से जले गए अवशेष बरामद हुए। उनकी पहचान नहीं हो पाई है।

उधर, राजस्व अधिकारी विपिन वर्मा ने बताया कि नेपाली मूल के नौ परिवार मकान में रहते थे, जिसमें सात परिवारों को सुरक्षित निकाला गया। बिहारी मूल के प्रियांशु की उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हुई। मृतक के परिवार को फौरी राहत के तौर पर 25-25 हजार रुपये दिए गए।

इनके मलबे में दबे होने की आशंका
कांशी राम (42) पुत्र हरिराम, टीका (30) पत्नी कांशी राम, कुमारी अनु (13) पुत्री कांशी राम, संदीप (8) पुत्र कांशी राम, धनबहादुर (33), कविता पत्नी धनबहादुर (32), राधा (16) पुत्री धनबहादुर, रेनुका (11) पुत्री धनबहादुर, रेजान (1.6 साल) पुत्र धनबहादुर। सभी नेपाल के गांव सन्याल जिला करनाली के रहने वाले हैं।

अर्की में अग्निकांड में एक शव बरामद हुआ है जबकि दो के अवशेष मिले हैं। सात लोग लापता हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जरूरी सबूत लिए हैं। जिनके अवशेष मिले हैं, उनकी पहचान के लिए परिजनों-रिश्तेदारों के डीएनए जांच के लिए सैंपल ले लिए गए हैं। -गौरव सिंह, एसपी सोलन

मुख्यमंत्री ने  आग लगने की घटना पर जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार देर रात घटित सोलन जिले के अर्की बाजार में भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सूचना मिलते ही जिला प्रशासन को युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आग को बुझाने के लिए अर्की अग्निशमन विभाग के साथ जिला शिमला के बालूगंज, जिला सोलन के बनलगी और अंबुजा सीमेंट कंपनी के अग्निशमन वाहनों को तुरंत घटना स्थल की ओर रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग की ओर से अग्नि पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक संजय अवस्थी मौके पर जाकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना में घायल दो लोगों का उपचार नागरिक अस्पताल अर्की में किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन को इन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को तुरंत सहायता उपलब्ध करने के निर्देश दिए हैं और जिला प्रशासन को इस घटना की गहन जांच करने के आदेश दिए। सुक्खू ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
विज्ञापन

भाजपा ने जताया शोक
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल तथा सांसद सुरेश कश्यप ने अर्की बाजार में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है।  डॉ. राजीव बिंदल और सुरेश कश्यप ने कहा कि इस भयावह घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति दें। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि लापता लोगों की तलाश युद्धस्तर पर जारी रखी जाए और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें