व्यापार मंडल का आधे दिन तक दुकानें बंद करने का फैसला
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी शिमला के सभी बाजार वीरवार दोपहर 1:00 बजे तक बंद रहेंगे। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में सैलानियों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में शिमला व्यापार मंडल ने आधे दिन दुकानें बंद रखने का फैसला लिया है। इस दौरान दवाइयों समेत आवश्यक सामान की दुकानें ही खुलेंगी।
व्यापार मंडल के अनुसार आतंकियों का यह हमला निंदनीय है। जम्मू-कश्मीर में सामान्य हो रहे हालात को बिगाड़ने के लिए यह हमला किया है। इसका करारा जवाब भी मिलेगा। शिमला व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव ठाकुर, उपाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि शहर के कारोबारी इस हमले के विरोध में दोपहर 1:00 बजे तक दुकानें बंद रखेंगे। दोपहर बाद बाजार पूरी तरह से खुल जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि दिन के समय दुकानें बंद होने से लोगों को परेशानी हो सकती है। इसलिए लोगों से अपील है कि वह सामान की खरीदारी के लिए दोपहर बाद ही बाजार आएं। उधर मालरोड बिजनेसमैन एसोसिएशन ने भी पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है।