इस्तीफा देने वालाें में जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदन मोहन सैणी, उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह, जिला कांग्रेस प्रवक्ता वरुण पुरी, जिला महासचिव गोल्डी कपिला, युकां के प्रदेश सचिव अंकुश शर्मा, जिला सचिव सुदेश शर्मा, बलजीत सिंह, ओबीसी सेल के जिलाध्यक्ष राकेश सैणी, पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष मुकेश जसवाल, ब्लॉक युकां ऊना के उपाध्यक्ष विवेक ठाकुर, मैहतपुर कांग्रेस के युवा नेता सौरव रत्न भारद्वाज व राजिंद्र प्रिंस शामिल हैं।
उधर सोलन में कांग्रेस की शहरी इकाई ने एक साथ संयुक्त रूप से पदों से त्यागपत्र दे दिया है। यहां से त्यागपत्र देने वालों में शहरी कांग्रेस के उपप्रधान अतुल आनंद, महासचिव विनेश धीर, महासचिव गुरप्रीत सिंह, महासचिव रविंदर बख्शी, सचिव मोहम्मद अनवर, सचिव अनिल कुमार शामिल हैं। उधर हमीरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के तीन पदाधिकारियों ने भी वीरभद्र सिंह के बयान से नाराज होकर अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है।
इनमें जिला महासचिव सुरेश ठाकुर, जिला सचिव विनय शर्मा और चंद्रपाल शामिल हैं। त्याग पत्र देने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पूर्व पार्टी अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू के खिलाफ निंदनीय टिप्पणी की है।
इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है। कार्यकर्ताओं को कबाड़ बोलना पूर्व मुख्यमंत्री को कतई शोभा नहीं देता। वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री को कार्यकर्ताओं का सम्मान करना चाहिए।
उनकी मेहनत से ही वह छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि सुखविंद्र सुक्खू का कार्यकाल शानदार रहा है। उनके कार्यकाल में पार्टी बूथ लेवल तक मजबूत हुई है।
पदाधिकारियों ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से अनुरोध किया है कि वे पार्टी के खिलाफ टिप्पणी करने वालों पर अंकुश लगाएं। उधर, जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष विवेक शर्मा ने ग्यारह इस्तीफे पहुंचने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस मसले पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष से बात की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस में नया अध्यक्ष चुनने के बाद पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू के बीच चल रही जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को जिला कांग्रेस ने सुखविंद्र सुक्खू के पक्ष में खड़े होकर पूर्व सीएम का नाम लिए बिना हमला बोला है।
पूर्व सीएम के कार्यकर्ताओं को लेकर दिए गए बयान को लेकर ओबीसी के जिलाध्यक्ष रणजीत, अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष रमेश चंद व व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार के अलावा जिला कांग्रेस के कोषाध्यक्ष राकेश सोनी ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है।