रोहतांग मार्ग पर पर्यटकों की खूब चहल-पहल रही
शनिवार को मनाली से रोहतांग मार्ग तक पर्यटकों की खूब चहल-पहल रही। पर्यटकों ने बर्फ के बीच तस्वीरें खींचने के साथ शीतकालीन गतिविधियों का आनंद लिया। लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटन कारोबारियों को भी इससे राहत मिली है। होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि बर्फबारी के बाद मनाली में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। इसका सकारात्मक असर होटल कारोबार पर पड़ा है और होटलों में ऑक्यूपेंसी करीब 60 फीसदी तक पहुंच गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की आमद और बढ़ेगी।
होटल कारोबारी गौतम ठाकुर ने कहा कि नवरात्र के बाद वीकेंड और अब दशहरा उत्सव के चलते पर्यटन कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है। रोहतांग दर्रे में बर्फबारी से क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य और निखर गया है। बर्फ देखने की चाह में पर्यटक मनाली पहुंच रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में कारोबार को और बढ़ावा मिल सकता है।