डलहौजी के पंजपुला मार्ग पर सोमवार सुबह सतधारा में एक व्यक्ति पर जंगली भालू ने हमला कर दिया। मगर व्यक्ति ने हिम्मत नहीं हारी और वह भालू से भिड़ गया। व्यक्ति ने भालू के मुंह को दोनों हाथों से दबोच लिया।
भालू ने बहुत कोशिश की, लेकिन वो इस बहादुर व्यक्ति के पंजों से अपने मुंह को नहीं छुड़ा सका और अपने नुकीले पंजों से व्यक्ति पर हमला करता रहा। इस बीच व्यक्ति ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए।
लोगों की भीड़ को देख भालू व्यक्ति को छोड़कर वहां से भाग गया। जानकारी के अनुसार धर्मचंद निवासी लोहाली बेटे की दुकान की ओर जा रहा था। बीच रास्ते में उसके ऊपर भालू ने हमला कर दिया।
भालू के हमले में उसे काफी चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल व्यक्ति को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल डलहौजी ले जाया गया। जहां पर उसे तुरंत उपचार दिया गया।
भालू के हमले में धर्म चंद के मुंह, बाजू और टांगों में चोटें आई हैं। एसएमओ इंचार्ज डॉ. नवदीप राठौड़ ने बताया कि घायल व्यक्ति का तुरंत उपचार किया गया। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।