शिमला प्रवास पर आईं मालदीव की रक्षा मंत्री की गाड़ी को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में वे बाल-बाल बचीं। आरोपी चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया लेकिन पुलिस ने कुछ दूर जाकर उसे दबोच लिया।
ढली पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मालदीव की रक्षा मंत्री मारिया अहमद दीदी दो दिन से शिमला की वादियों में मौसम का आनंद ले रही हैं। मंगलवार सुबह इन्हें लौटना था।
वे विक्टोरिया कार नंबर एचआर 3838 वाई 8685 में बैठी थी और स्थानीय पुलिस गाड़ी एस्कॉर्ट कर रही थी। इसी दौरान एक कार ढली की तरफ से आई और टक्कर लगा कर फरार हो गई।
पुलिस को दी शिकायत में अमन नंदा निवासी उत्तम नगर न्यू दिल्ली ने कहा कि वह वीवीआईपी ड्यूटी के लिए विक्टोरिया कार में शिमला आया और यहां पर वाइल्ड फ्लावर होटल में ठहरा हुआ था। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे जब वह हसन वैली के पास कार लेकर पहुंचा तो एक कार तेजरफ्तार से आई और उसकी कार को टक्कर लगा दी।