रघुनाथ मंदिर को ट्रस्ट बनाने के सीएम वीरभद्र सिंह के बयान पर विधायक महेश्वर सिंह ने पलटवार किया है। हमीरपुर में एक प्रेसवार्ता के दौरान महेश्वर सिंह ने सीएम से पूछा कि अगर किसी के घर में चोरी होगी तो क्या प्रदेश सरकार उसे भी अपने अधीन ले लेगी।
सीएम ने एक दिन पहले कहा था कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए रघुनाथ मंदिर को सरकार के अधीन लिया जाएगा। महेश्वर सिंह की यह प्रतिक्रिया कुल्लू के रघुनाथ मंदिर को ट्रस्ट बनाने के मुख्यमंत्री के इसी बयान पर आई है।
बुधवार को हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में महेश्वर सिंह ने तल्ख अंदाज में कहा कि ट्रस्ट बनाना चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़े मंदिरों को तो ट्रस्ट बनाने की बात कही जा रही है, लेकिन इसी तरह प्रदेश में सैकड़ों छोटे मंदिर हैं।