प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को सरकार घर-द्वार उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मौका देने जा रही है। जिला मुख्यालयों के कॉलेजों में साइंस विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन शुरू करने के लिए सरकार ने गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। नियमों को पूरा करने वाले कॉलेजों में अगले शैक्षणिक सत्र से साइंस विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्रधान सचिव शिक्षा आरडी धीमान ने इसकी पुष्टि की है।
राज्य सरकार की ओर से जारी गाइडलाइंस में कहा गया है कि जिला मुख्यालय स्थित कॉलेजों की मांग पर पोस्ट ग्रेजुएशन शुरू की जाएगी। कॉलेजों के पास पर्याप्त आधारभूत ढांचा होना चाहिए। यूजीसी और प्रदेश विश्वविद्यालय की गाइडलाइंस के मुताबिक स्टाफ होना चाहिए। सरकार ने स्पष्ट किया है कि साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन शुरू करने के लिए कॉलेजों में अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति नहीं की जाएगी।