पंचायत चुनाव में मिली हार के बाद एक महिला प्रत्याशी के पति ने गांववालों से बदला लेने की ठान ली। इसने 8 गांवों को जाने वाली सड़क को खोदकर खस्ताहाल कर दिया। मामला हिमाचल के सोलन का है। यहां की एक पंचायत में चुनाव हारने के बाद महिला प्रत्याशी के पति पर गांव का रास्ता बंद करने का आरोप लगा है। आठ गांव के लोगों की आवाजाही रास्ता बंद हो जाने से ठप हो गई है।
पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल मामले को लेकर एसडीएम हरिकेश मीणा से मिला है। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव हारने के बाद गुस्साए महिला के पति ने रास्ते को जेसीबी से खोद डाला। एसडीएम ने बद्दी के तहसीलदार केशव राम तथा बरोटीवाला थाना प्रभारी दया राम ठाकुर को जांच के निर्देश जारी किए हैं। एसडीएम से मिलने के बाद ग्रामीण तहसीलदार और थाना प्रभारी से भी मिले हैं।
जश्न के दौरान खोद डाली सड़क
ग्रामीणों ने तहसीलदार को बताया कि मंगलवार शाम को गांव की ही महिला प्रत्याशी ने उक्त महिला को चुनाव में हराया। समर्थक जीत का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान पूर्व प्रधान के परिजनों ने रास्ते में जेसीबी लगाकर रुग्गी गांव के समीप तीन स्थानों पर गहरे गड्ढे डाल दिए। इससे बरनासी, अमाड़, सेरला, तालड़, बस्सी, सलार, खखरोवण गांवों को जाने वाला लिंक रोड ठप हो गया।
लोगों का कहना है कि रास्ता बंद हो जाने से बच्चे स्कूल भी नहीं जा सके। तहसीलदार ने बताया कि मामले की छानबीन की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधान नसीब चंद, सूबेदार मस्तराम, पूर्व वार्ड पंच नसीब, वार्ड सदस्य जमुना देवी, रामेश्वर दास, ज्ञान चंद, पूर्व बीडीसी रामचंद्र, राम सिंह, लायकराम, निर्मला, रामदेवी, रोशनी शामिल रही। इधर, चुनाव हारने वाली महिला प्रत्याशी का कहना है कि यह जमीन उनकी है। उन्होंने किसी का रास्ता नहीं रोका है।