लोकसभा चुनाव में प्रदेश कांग्रेस के हुए खर्चे को लेकर ऑडिट शुरू हो गया है। चुनाव खर्चे पर सवाल उठाते हुए हाईकमान से यह मामला प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर के धुर विरोधियों ने लिखित तौर पर उठाया था। इस पत्र में नेताओं ने कहा था कि हाईकमान अगर पिछले छह साल की अवधि के खर्चों का ऑडिट करवा रहा है तो लोकसभा चुनाव खर्चों का ऑडिट भी कराया जाए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार लोकसभा चुनाव में हाईकमान से प्रदेश कांग्रेस को करीब 2.50 करोड़ की राशि प्रचार के लिए भेजी गई थी। इसमें कितनी राशि प्रत्याशियों को दी गई और कितनी राशि प्रचार में खर्च की है? स्टार प्रचारकों के हेलिकॉप्टर पर कितनी राशि व्यय की गई है। ऐसे पहलुओं को लेकर लोकल ऑडिट कराया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस ने किन-किन मदों पर यह राशि खर्च की है, इसे भी ऑडिट में शामिल किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस ने ऑडिट करवाने को एक ऑडिटर और एक सहायक की तैनाती की है। ऑडिट कर रिपोर्ट तैयार कर हाईकमान को भेजी जाएगी। हाईकमान इसके बाद छह साल के खर्चों का ऑडिट भी कराने की तैयारी में है।
नए प्रदेशाध्यक्ष की तैनाती से कुछ समय पहले प्रदेश कांग्रेस के खाते से करीब 11 लाख की राशि ब्लॉक कांग्रेस और कामगार संगठन के खातों में हस्तांतरित कर दी गई थी। यह राशि किस कारण से किस मकसद के लिए दी गई है, इसकी भी जांच की जानी है।