हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में भितरघात से डरी कांग्रेस ने कड़े कदम उठाए हैं। पार्टी प्रत्याशी रामलाल ठाकुर की शिकायत के बाद पार्टी हाईकमान ने बिलासपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष को संसदीय क्षेत्र से बाहर कर मंडी संसदीय क्षेत्र में प्रचार का दायित्व सौंपा है। इसके अलावा हमीरपुर में भी नया जिला कांग्रेस अध्यक्ष तैनात करने की तैयारी है।
बिलासपुर जिला अध्यक्ष को मंडी संसदीय क्षेत्र भेजने के बाद बिलासपुर की जिम्मेदारी संभालने के लिए समन्वय कमेटी के गठन को हरी झंडी दी गई है। समिति के अध्यक्ष विकास ठाकुर होंगे जबकि झंडूता के रणवीर, घुमारवीं के जगीर मेहता, बिलासपुर सदर से तेजस्वी शर्मा और स्वारघाट के रणजीत ठाकुर सदस्य बनाए जाएंगे। यह कमेटी बिलासपुर डीसीसी अध्यक्ष का काम देखेगी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस हाईकमान ने भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के कारण हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को हाई अलर्ट में रखा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी खुद इस सीट पर नजर रख रहे हैं।
मंगलवार को राजधानी शिमला के एक निजी होटल में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी नेताओं के साथ हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की वर्तमान स्थिति को लेकर मंथन किया। प्रभारी ने हाईकमान के फरमान को ध्यान में रखते हुए जिला बिलासपुर कांग्रेस में समन्वय कमेटी बनाने को हरी झंडी दी है।