लोकसभा चुनाव में हमीरपुर से कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर ने बुधवार की रात पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से मुलाकात की। उन्होंने लोकसभा चुनाव प्रचार की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की।
पार्टी सूत्रों से मालूम हुआ है कि विधायक रामलाल ने बुधवार की शाम 6:30 बजे प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में मुलाकात की।
दोनों नेताओं के बीच करीब पौने घंटे तक लोकसभा चुनाव प्रचार को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ है।लोकसभा चुनाव प्रचार में पार्टी प्रचार का कार्यक्रम तुरंत तैयार करके भेजने की बात कही गई। प्रदेशाध्यक्ष राठौर से उन्होंने चुनावी रैलियों में मौजूद रहने की गुजारिश भी की है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की मुलाकात करने के बाद रामलाल ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से उनके निजी आवास हॉली लॉज में भेंट की। सूत्रों से मालूम हुआ है कि करीब आधे घंटे तक दोनों नेताओं के बीच हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में प्रचार की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। रामलाल ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा चुनावी रैलियां कराने की बात कही है।