लोकसभा चुनाव में भी मंडी सीट से जयराम ठाकुर, हमीरपुर सीट से धूमल परिवार और कांगड़ा सीट से शांता कुमार की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। शिमला संसदीय क्षेत्र से वीरभद्र सिंह कांग्रेस के कद्दावर नेता हैं जो सोलन जिले के अर्की से विधायक भी हैं।
शिमला में भाजपा ने मौजूदा सांसद का भी टिकट काटकर चुनाव मैदान में नए चेहरे सुरेश कश्यप को उतारा है। दूसरी ओर दो बार के सांसद और एक बार के पिछली राज्य सरकार के मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल कांग्रेस के प्रत्याशी हैं।
शांडिल सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी के भी सदस्य रह चुके हैं। ऐसे में शांडिल को हराने और शिमला सीट को काबिज करने के लिए भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पूरी ताकत झोंक रहा है।
यही कारण माना जा रहा है कि चुनाव की घोषणा के बाद की अपनी प्रारंभिक रैलियों के लिए इन दोनों नेताओं ने शिमला संसदीय क्षेत्र को ही चुना है। यहां 12 मई को शाह नाहन और 13 मई को मोदी सोलन में जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे हैं। हालांकि शाह 12 को ही कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के चंबा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के बिलासपुर भी जाएंगे तथा मोदी सबसे पहले 10 मई को मंडी जाएंगे।