राठौर ने कहा कि भाजपा सांसद विकासात्मक कार्य करने में विफल रहे हैं। भाजपा के सांसदों ने प्रदेश में जो गांव गोद लिए थे, उनके विकास पर कोई गौर नहीं किया गया। भाजपा सांसदों ने अपने क्षेत्रों के विकास पर भी कोई ध्यान नहीं दिया और न ही लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुना। भाजपा सांसदों के गोद लिए गांवों की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
एआईसीसी ने कर्नल धर्मेंद्र पटियाल से किया संपर्क
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से पार्टी टिकट के लिए आवेदन किए भूतपूर्व सैनिक सेल के अध्यक्ष कर्नल धर्मेंद्र पटियाल का दावा है कि उनसे भी अखिल भारतीय कांग्रेस ऑफिस से फोन पर संपर्क किया गया है। पटियाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि उनसे कई सवाल पूछे गए।
उनमें से एक सवाल यह भी पूछा गया कि वर्ष 2012 में सेना क्यों छोड़ी? उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मैं कांग्रेस ज्वाइन करके सक्रिय राजनीति में जुड़ना चाहता था। कर्नल पटियाल ने सुजानपुर टीहरा से शिक्षा ग्रहण की है। उल्लेखनीय है कि धर्मेंद्र पटियाल का नाम पैनल में इस कारण से भी जोड़ा गया है क्योंकि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में भूतपूर्व सैनिकों का दबदबा भी है।